हाल ही में अक्षय कुमार की सुनील दर्शन व्दारा निर्देशित फिल्म ‘जानवर’ ने अपनी रिलीज के 26 साल पूरे किए। 24 दिसंबर 1999 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी सफलता हासिल की थी। फिल्म में अक्षय कुमार संग करिश्मा कपूर और शिल्पा शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आईं थीं।
फिल्म ‘जानवर’ की रिलीज के 26 साल पूरे होने के साथ इस फिल्म का सीक्वल शुरू किए जाने की खबरें आ रही हैं। यदि खबरों पर यकीन किया जाए तो मेकर्स ने इसके सीक्वल को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
करीब 4.5 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी फिल्म ‘जानवर’ (1999) ने जबर्दस्त एक्शन और कानों को रास आने वाले म्यूजिक की बदौलत फिल्म को दर्शकों ने खूब प्यार दिया और इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 14.36 करोड़ रुपये जबकि दुनियाभर में कुल 18.95 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इतना ही नहीं, ये फिल्म अक्षय कुमार के करियर को नई दिशा देने वाली फिल्म साबित हुई।
रिलीज के 26 साल बाद भी फिल्म ‘जानवर’ (1999) अक्षय के रफ और मास अपील वाले किरदार के लिए फैंस की यादों में बसी हुई है. अक्षय की इसी इमेज के चलते लंबे समय से दर्शक इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ‘जानवर’ (1999) को डायरेक्ट करने वाले सुनील दर्शन ने हिंट देते हुए कहा- ‘मैंने इसके लिए एक स्क्रिप्ट लिखी है। मुझे अभी नहीं पता कि इसे ‘जानवर 2’ कहूंगा या कोई और नाम दूंगा लेकिन यह उसी जॉनर की फिल्म होगी। उन्होंने उम्मीद जताते हुए आगे यह भी बताया कि उनकी यह फिल्म जब भी शुरू हो लेकिन यह एक बड़े बजट की फिल्म होगी।
जब सुनील दर्शन से जानना चाहा कि क्या वो ‘जानवर 2’ में एक बार फिर अक्षय कुमार को कास्ट करना चाहेंगे ? इस पर उन्होंने कहा- ‘इस बार लीड में जो किरदार है, वह एक यंग लड़के का है इसलिए मुझे नहीं लगता कि अक्षय अब इस रोल के लिए उपयुक्त होंगे। इसके बाद यह तय माना जा रहा है कि इस बार ‘जानवर 2’ में अक्षय कुमार नजर नहीं आएंगे।