रेखा गुप्ता ने एमसीडी उपचुनावों में भाजपा के सात सीट जीतने के बाद जनता का आभार व्यक्त किया

0
3fb263b0-ef37-11ef-9744-09242807d3c1.jpg

नयी दिल्ली, तीन दिसंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 30 नवंबर को हुए उपचुनावों में एमसीडी के 12 वार्ड में से सात पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव के परिणाम बुधवार सुबह घोषित किए गए, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन, कांग्रेस ने एक और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक सीट जीतीं।

गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा की जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और संगठन की सामूहिक ताकत का मजबूत प्रमाण है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना अमूल्य आशीर्वाद देने के लिए दिल्ली के नागरिकों का हार्दिक धन्यवाद।’’

उन्होंने पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को भी बधाई दी और कहा कि सरकार दिल्ली के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *