पटना, 12 दिसंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि भारतीय राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
पाटिल का शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के लातूर स्थित उनके गृह नगर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार कुमार ने कहा, “पाटिल के निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है और भारतीय राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “अपने लंबे राजनीतिक सफर में शिवराज पाटिल ने कई महत्वपूर्ण पदों को संभाला और देश की संवैधानिक प्रक्रिया को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई।”
बयान के अनुसार, कुमार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की।
12 अक्टूबर 1935 को जन्मे पाटिल ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1966 से 1970 के बीच लातूर नगरपालिका अध्यक्ष के रूप में की और बाद में दो कार्यकालों के लिए विधायक चुने गए।
इसके बाद उन्होंने लातूर लोकसभा सीट से सात बार जीत दर्ज की और 1991 से 1996 तक लोकसभा के दसवें अध्यक्ष रहे।
कांग्रेस नेता पाटिल ने केंद्र में रक्षा, वाणिज्य और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित कई विभागों का कार्यभार संभाला।
वह 2004 से 2008 तक केंद्रीय गृह मंत्री रहे। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।