झारखंड के मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया के राजदूत से निवेश और खदान सुरक्षा पर चर्चा की

0
asdewsw3w

रांची, 15 दिसंबर (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ओएएम से राज्य में निवेश की संभावनाओं और खदान सुरक्षा पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और साझा हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया।

‘फर्स्ट सेक्रेटरी’ टॉम सैंडरफोर्ड और अन्य अधिकारियों के साथ ग्रीन मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर रविवार को सोरेन से मिले।

सोरेन ने उच्चायुक्त को झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और राज्य सरकार की निवेश नीतियों के बारे में जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने राज्य को श्रम-आधारित अर्थव्यवस्था से ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था में बदलने के अपने दृष्टिकोण को भी साझा किया और साझेदारी को आगे बढ़ाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

ग्रीन ने कहा कि खनन को लेकर झारखंड और ऑस्ट्रेलिया में काफी समानताएं हैं।

उन्होंने खदान सुरक्षा और सुरक्षित खनन के लिए ऑस्ट्रेलिया में उन्नत प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर प्रकाश डाला।

राजदूत ने सोरेन को ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *