रांची, 28 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस में झारखंड मामलों के प्रभारी के. राजू ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा देश चलाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का केंद्रीकरण कर रही है।
उन्होंने यह टिप्पणी यहां कांग्रेस भवन में पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस का झंडा फहराने के बाद की।
इस अवसर पर राजू ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ मिलकर ‘झारखंड कांग्रेस संवाद स्थापना दिवस विशेषांक’ नामक पुस्तिका का विमोचन किया।
राजू ने कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस को भव्य तरीके से मनाने का कारण लोगों को पार्टी के इतिहास, मूल्यों और योगदानों के बारे में जागरूक करना है, क्योंकि भाजपा देश चलाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को केंद्रीकृत कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने राज्यों या अपनी पार्टी के सांसदों से परामर्श किए बिना मनरेगा को निरस्त कर विकसित भारत जी रामजी लागू करने का निर्णय लिया।’’
राजू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य भर की 4,500 ग्राम पंचायतों में कांग्रेस स्थापना दिवस मनाने के लिए बैठकें आयोजित कर रहे हैं।
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी ने बताया कि प्रत्येक सदस्य के घर पर पार्टी के झंडे फहराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार 1,100 शहरी स्थानीय निकायों में भी ध्वजारोहण किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 20 वर्षों में, मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के तहत प्रत्येक कृषि मजदूर और अकुशल ग्रामीण श्रमिक को कई तरह से लाभ हुआ है।
राजू ने दावा किया, ‘‘विकसित भारत जी रामजी योजना के तहत सरकार श्रमिकों और ग्राम पंचायतों के ये सभी अधिकार छीन लिए हैं।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ही यह तय कर रहे हैं कि कौन-कौन से काम किए जाएंगे और गांवों का विकास कैसे किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया,‘‘यह कृषि मजदूरों को उनकी आय सुरक्षा के अधिकार से वंचित करके कमजोर करने की एक बड़ी साजिश है, और ये सब चीजें उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही हैं।’’
राजू ने बताया कि इसलिए 27 दिसंबर को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के दौरान, पांच जनवरी से राष्ट्रव्यापी ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रव्यापी ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा।