बिहार: मुख्यमंत्री कुमार ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का किया निरीक्षण

0
2025_9image_20_49_485081677abdulkalamsciencecit

पटना, 30 दिसंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना के राजेन्द्र नगर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्द्धन किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यह साइंस सिटी बहुत अच्छा बनी है और इसे विशिष्ट विचारों के साथ विकसित किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक आधुनिक केन्द्र है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहा है।

कुमार ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिए यह देश के आकर्षक और अनूठे केन्द्रों में से एक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ग के बीच विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस साइंस सिटी का निर्माण किया गया है और यहां आने वाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी।

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि साइंस सिटी में विज्ञान आधारित पांच गैलरी, एक ऑडिटोरियम, फोर-डी थिएटर तथा विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए डोरमेट्री की सुविधा प्रमुख आकर्षण हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *