एडिलेड, 19 दिसंबर (एपी) ट्रेविस हेड के नाबाद अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 119 रन बनाकर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एशेज टेस्ट के तीसरे दिन चाय के विश्राम तक 204 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले दिन की शुरुआती सत्र में इंग्लैंड को 286 रनों पर आउट करने के बाद अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवाने के बावजूद मजबूत बढ़त बना ली।
बेन स्टोक्स ने सुबह के सत्र में जोफ्रा आर्चर के साथ नौवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 106 रनों की साझेदारी करके इंग्लैंड के एशेज अभियान में जान फूंकने की कोशिश की। इस साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी की बढ़त 85 रन तक सिमट गयी। यह एडिलेड में इंग्लैंड के लिए नौवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
मिचेल स्टार्क की गेंद पर 83 रन पर बोल्ड होने के बाद स्टोक्स निराशा में खुद को कोसते हुए मैदान से बाहर निकले। उन्होंने 198 गेंद की पारी में संयमित पारी में आठ चौके लगाये जबकि आर्चर ने 51 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने लंच से पहले ब्रायडन कार्स की गेंद पर जेक वेदरल्ड (एक) का विकेट गंवाया। ब्रायडन कार्स की गेंद पर अगर वेदरल्ड ने रिव्यू का सहारा लिया होता तो वह आउट होने से बच जाते। लंच के समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 17 रन था।
दिन के दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने 102 रन जोड़ते हुए मार्नस लाबुशेन (13) का विकेट गंवाया। जोश टंग की गेंद पर हैरी ब्रुक ने स्लिप में उनका शानदार कैच पकड़ा। हेड ने अब तब 94 गेंदों में छह चौके और एक छक्का की मदद से 68 रन बनाये हैं। क्रीज पर उनके साथ उस्मान ख्वाजा (27 नाबाद) मौजूद है। दोनों ने अब तक 66 रन की अटूट साझेदारी कर ली है।
इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 213 रन से की।
ऑस्ट्रेलिया दिन की शुरुआत में आखिरी दो विकेट जल्दी से लेना चाहता था लेकिन स्टोक्स और आर्चर डटे रहे। आर्चर ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट भी लिये थे।
स्टोक्स ने स्कॉट बोलैंड की गेंद पर आगे बढ़कर चौका लगाया और 89 गेंदों में 50 रन की साझेदारी पूरी की। इसके बाद उन्होंने 159 गेंदों में एक रन लेकर अपना 37वां अर्धशतक पूरा किया। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका सबसे धीमा अर्धशतक लेकिन उनकी टीम के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण अर्धशतक था।
इसके बाद इंग्लैंड के दोनों बल्लेबाजों ने पुरानी गेंद पर आक्रामक खेल दिखाना शुरू किया, जिसमें आर्चर ने अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन के खिलाफ लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का मारा। स्टोक्स ने 73वें ओवर में बोलैंड के खिलाफ शानदार कवर ड्राइव लगाकर चार रन बटोरे।
आर्चर ने कप्तान पैट कमिंस की गेंद पर एक रन के साथ 97 गेंद में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इस रन के साथ ही इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को 100 रन से कम कर दिया।
स्टोक्स हालांकि स्टार्क की अंदर आती गेंद पर बोल्ड हो गये जिसके बाद बोलैंड ने आर्चर को चलता कर इंग्लैंड की पहली पारी समेट दी।