उप्र में हो रहे हर गैर कानूनी काम में भाजपा के लोगों का हाथ: अखिलेश

0
3edewswa

नोएडा (उप्र), 10 दिसंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जितने भी गैर कानूनी काम हो रहे हैं, उन सबमें भाजपा के लोगों का हाथ है।

सपा अध्यक्ष बुधवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में गौतमबुद्ध नगर पहुंचे जहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला और कहा कि विपक्ष की सक्रियता से भाजपा की नींद हराम है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘जब से कफ सिरप वाला मामला आया है, बुलडोजर का चालक चाबी लेकर और बुलडोजर छोड़कर भाग गया है। अब मुख्यमंत्री के पास ना चालक है ना चाबी है।’’

यादव ने पूछा कि पहले तो बुलडोजर से न्याय मिलता था लेकिन अब बुलडोजर क्यों नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘बुलडोजर इसलिए नहीं चल रहा है क्योंकि कफ सिरप के मामले में सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों के सजातीय लोग शामिल हैं, जिससे जांच कराई जा रही है वह भी उनके सजातीय हैं। एसटीएफ के लोग भी कफ सिरप मामले में शामिल थे। इसलिए जब से भाजपा वालों के नाम आए हैं तब से बुलडोजर का चालक चाबी लेकर भाग गया है।’’

घुसपैठ और बांग्लादेशियों को लेकर सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि कोई भी घुसपैठिया नहीं है। अगर भाजपा सरकार के 11 साल के बाद भी घुसपैठिए ढूंढे जा रहे हैं तो सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए।

सपा प्रमुख ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की भी आलोचना की। पार्टी ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह (भाजपा वाले) एसआईआर के बहाने एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) कर रहे हैं, अभी उनको निकाल रहे हैं, बाद में हम पीडीए वालों को निकालेंगे।’’

फिल्म सिटी को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें फिल्म सिटी की क्या जरूरत है क्योंकि भाजपा सरकार में पहले से ही कई ‘कलाकार’ मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी नहीं बल्कि राष्ट्र विवाद पार्टी है। उन्होंने कहा, ‘‘वंदे मातरम्, इंकलाब जिंदाबाद, जय हिंद का नारा देकर भगत सिंह, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस सहित देश के बड़े-बड़े क्रांतिकारियों ने आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि इनको लेकर भाजपा हर जगह विवाद ढूंढ़ती है। यह राष्ट्रवादी नहीं राष्ट्र विवाद पार्टी है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रेटर नोएडा की गंदगी नदियों के माध्यम से कन्नौज और फिर गंगा में मिलती है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री गंगा नदी को साफ करना चाहते थे लेकिन गंगा तो अब तक साफ नहीं हुई, पर उत्तर प्रदेश का बजट जरूर ‘साफ’ हो गया है।

किसानों के मुद्दों पर अखिलेश यादव ने वादा किया अगर प्रदेश में उनकी सरकार आई तो नोएडा के किसानों के साथ हुए अन्याय, उनकी समस्याओं को दूर किया जाएग और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा तथा उनकी सभी समस्याएं दूर की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *