गोवा में ‘नाइट क्लब’ त्रासदी के बाद सावंत सरकार ने सत्ता में रहने का ‘नैतिक अधिकार’ खो दिया है: ‘आप’

0
Goa-Night-club-fire-2025-12-8ded071005255cf7413062851f8509ef

पणजी, सात दिसंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई ने रविवार को दावा किया कि अरपोरा के एक नाइट क्लब में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत होने के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने सत्ता में बने रहने का ‘‘नैतिक अधिकार’’ खो दिया है क्योंकि वह राज्य में प्रशासन को नियंत्रित करने में विफल रही है।

राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरपोरा गांव में स्थित एक लोकप्रिय पार्टी स्थल ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार आधी रात के बाद आग लग गई। इस घटना में पर्यटकों एवं कर्मचारियों सहित 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल और गोवा चर्च ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने नाइट क्लब के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जबकि क्लब ने राज्य विधानसभा में मुद्दा उठाए जाने के बावजूद मानदंडों का कथित तौर पर पालन नहीं किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘जब मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत मानते हैं कि क्लब ने नियमों का पालन नहीं किया तो गोवा में उनके नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और अधिकारियों ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की, जबकि यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया था। क्या आप पंचायत निकाय समेत अधिकारियों को इस त्रासदी के लिए दोषी ठहराएंगे?’’

पालेकर ने कहा कि सावंत के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में बने रहने का ‘‘नैतिक अधिकार’’ खो दिया है क्योंकि वह ‘‘पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुके’’ प्रशासन को नियंत्रित करने में विफल रही है।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री कार्यालय को पता होना चाहिए कि जानमाल के नुकसान के लिए आपकी सरकार जिम्मेदार है। यह काला दिन है और पूरी तरह से बेशर्म एवं भ्रष्ट भाजपा को शर्म आनी चाहिए। जब कोई निकास योजना नहीं दिखाई गई थी, तो उन्हें आग संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र कैसे मिला?’’

इस बीच, केजरीवाल ने इस घटना में लोगों की जान जाने पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘गोवा के अरपोरा में हुई आग लगने की घटना से बहुत दुखी हूं जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर करे कि इस दुखद समय में सभी प्रभावित लोगों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।’’

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी नाइट क्लब में आग लगने की घटना में लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया।

उपराज्यपाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गोवा के अरपोरा में आग लगने की दुखद घटना में लोगों की मौत होने से गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’

उन्होंने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने भी ‘एक्स पर लिखा, ‘‘गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग में कई लोगों के मारे जाने की खबर बेहद दुखद है। मारंग बुरु (सर्वोच्च आदिवासी देवता) दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

गोवा चर्च ने भी इस घटना में लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया।

‘डायोसेसन सेंटर फॉर सोशल कम्युनिकेशंस मीडिया’ के निदेशक फादर बैरी कार्डोजो ने कहा कि गोवा एवं दमन के आर्कबिशप, सहायक बिशप और गोवा चर्च इस विनाशकारी घटना से बेहद दुखी हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘हम इस दुखद घटना से प्रभावित शोक संतप्त परिवारों के प्रति भारी मन से गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। अत्यंत दुख की इस घड़ी में, हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे शोक संतप्त लोगों को शक्ति प्रदान करें।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *