भुवनेश्वर, 10 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र को संबोधित कर सकती हैं। यहां एक मंत्री ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि राज्य सरकार ने राष्ट्रपति से विधानसभा को संबोधित करने का अनुरोध किया है।
वह खुद इस विधानसभा की सदस्य और मंत्री रह चुकी हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘इसकी (राष्ट्रपति मुर्मू के ओडिशा आने की) संभावना है। राज्य सरकार ने इस संबंध में राष्ट्रपति भवन को एक प्रस्ताव भेजा है। फिलहाल उनके दौरे की पुष्टि होनी बाकी है। लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय से अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह ओडिशा विधानसभा में राष्ट्रपति का पहला संबोधन होगा।’’
मुर्मू 2000 और 2004 में दो बार रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए चुनी गईं और नवीन पटनायक मंत्रिमंडल में मंत्री बनीं।
मूल रूप से ओडिशा निवासी मुर्मू छह मार्च 2000 से छह अगस्त 2002 तक वाणिज्य एवं परिवहन विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहीं। इसके बाद छह अगस्त 2002 से 16 मई 2004 तक वी मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग की प्रभारी थीं।
सूत्रों ने बताया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 27 नवंबर से शुरू होने की संभावना है।