हैदराबाद, 21 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव 2025 का उद्घाटन करेंगी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज दोपहर बेगमपेट हवाईअड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।
भारतीय कला महोत्सव का दूसरा संस्करण गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा, दादरा एवं नागर हवेली और दमन एवं दीव की समृद्ध सांस्कृतिक, पाक और कलात्मक परंपराओं को प्रदर्शित करेगा।
राष्ट्रपति 22 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी स्थित प्रशांति निलयम में श्री सत्य साईं बाबा की जन्म शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सत्र में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू शुक्रवार सुबह तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के मंदिर में पूजा-अर्चना भी कर चुकी हैं।