नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की छह दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद शुक्रवार को दिल्ली लौटीं।
मुर्मू ने इस यात्रा के दौरान ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के साथ मजबूत संबंधों के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
यह इन दो अफ्रीकी देशों में किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली यात्रा थी।
मुर्मू ने आठ नवंबर से 13 नवंबर के बीच यह राजकीय यात्रा की। पहले वह अंगोला की राजधानी लुआंडा पहुंचीं और उसके बाद बोत्सवाना की राजधानी गबोरोन पहुंचीं।
राष्ट्रपति को लेकर ‘इंडिया वन’ वीवीआईपी विमान ने बृहस्पतिवार शाम गबोरोन के सर सेरेत्से खामा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी और यह शुक्रवार तड़के पालम स्थित वायुसेना स्टेशन (एएफएस) पर उतरा।
मुर्मू ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों – अंगोला के जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको और बोत्सवाना के ड्यूमा गिदोन बोको – के साथ द्विपक्षीय बैठकों में विभिन्न क्षेत्रों में नए सहयोग की शुरुआत करके संबंधों को मजबूत करने और मौजूदा सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।