भुवनेश्वर, 20 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जय ढोलकिया ने बृहस्पतिवार को ओडिशा विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली और इसके साथ ही 147 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 79 हो गई है।
ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ढोलकिया को पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उनकी मां कल्पना ढोलकिया और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
नुआपाड़ा विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव कराना उनके पिता और बीजू जनता दल (बीजद) के मौजूदा विधायक राजेंद्र ढोलकिया का आठ सितंबर को निधन हो जाने के कारण आवश्यक हो गया था।
उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार घासीराम मांझी को 83,748 मतों के अंतर से हराया।
बीजद उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया उपचुनाव में तीसरे स्थान पर रहीं, जिसके नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए गए थे।
ढोलकिया के शपथ लेने के साथ ही विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 79 हो गई है जबकि बीजद के विधायकों की संख्या घटकर 50 रह गई है।
विधानसभा में कांग्रेस के 14 विधायक, तीन निर्दलीय, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक विधायक है। नुआपाड़ा उपचुनाव में जीत को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी नीत सरकार के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
जय ढोलकिया की जीत ने नुआपाड़ा में ढोलकिया परिवार की विरासत को भी फिर से स्थापित किया है। उनके पिता राजेंद्र ढोलकिया 2000, 2009, 2019 और 2024 में चार बार विधानसभा के लिए चुने गए थे।
राजेंद्र ने वर्ष 2000 में पहला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीता था, लेकिन राजेंद्र बीजद के टिकट पर तीन बार चुने गए। हालांकि, उपचुनाव से पहले जय भाजपा में शामिल हो गए।