जमशेदपुर, 20 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य में स्थिरता, विकास और सुशासन का एक नया अध्याय लिखेगी।
रघुवर ने नीतीश के 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी।
रघुवर ने कहा, “नीतीश कुमार सरकार बिहार में स्थिरता, विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखेगी।”
रघुवर ने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार में राजग सरकार विकास को गति देगी।
नयी बिहार सरकार 2047 तक देश को ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सुप्रीमो नीतीश कुमार के अलावा उनकी पार्टी के आठ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 14 और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के दो विधायकों ने नयी बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।
जीतन राम माझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री ने भी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है, जिसमें भाजपा को 89, जनता दल(यू) को 85, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) को 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को चार सीटें मिली हैं।