लखनऊ पहुंची जूनियर विश्व कप की ट्रॉफी, योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत

0
G5iF7kpbIAAigrk_69142b745f3eb

लखनऊ, 12 नवंबर(भाषा) तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की ट्रॉफी भारत भ्रमण के अपने एक पड़ाव में बुधवार को यहां पहुंची जिसका राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया।

योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा, ‘‘ लखनऊ में एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का स्वागत करना मेरे और प्रदेशवासियों के लिए आह्लादित करने वाला क्षण है।’’

जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत, चीन, बेल्जियम जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत 24 टीम हिस्सा लेंगी।

एक बयान के मुताबिक योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आना राज्य के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण है। हॉकी में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है।’’

उन्होंने ने हॉकी के जादूगर के रूप में विख्यात मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद ने उत्तर प्रदेश की धरती में जन्म लिया था। उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता प्राप्त की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविदयालय का निर्माण कर रही है। इस वर्ष से पहला सत्र प्रारंभ हो चुका है। ’’

योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के यशस्वी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी में उनके निवास को एक संग्राहलय के रूप में तैयार किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर पद्म पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्र, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एमपी सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, प्रीति दुबे जैसे हॉकी के खिलाड़ियों के योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ वर्तमान में भी उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा महिला व पुरुष वर्ग की सीनियर-जूनियर भारतीय टीम में चयनित होकर प्रदेश और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। ’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *