भुवनेश्वर, 27 नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी दो दिवसीय ओडिशा यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगी और ऐसा करने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन जाएंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बताया कि राष्ट्रपति का संबोधन शाम साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे के बीच होगा।
अध्यक्ष पाढ़ी ने पुष्टि की कि मुर्मू ओडिशा विधानसभा का दौरा करने वाली और उसे संबोधित करने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर दो बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी और 2.20 बजे राजभवन पहुंचकर कलिंग अतिथि निवास का उद्घाटन करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू स्वयं ओडिशा से आती हैं और पूर्व में राज्य विधानसभा की सदस्य रही हैं। वह 2000 और 2004 में मयूरभंज जिले की राइरंगपुर सीट से दो बार विधायक चुनी गई थीं।
वह बीजू जनता दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सरकार में 2000 से 2004 तक वाणिज्य एवं परिवहन तथा मत्स्य पालन मंत्री रहीं।
उन्हें 2007 में सर्वश्रेष्ठ विधायक के लिए ‘नीलकंठ पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बताया कि मुर्मू राज्य की मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में जिस कमरा संख्या 11 से कार्य करती थीं, उसे उनकी यात्रा से पहले नवीनीकृत किया गया है और वह उस कक्ष का दौरा भी करेंगी।
राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, राज्य के सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर भुवनेश्वर और विधानसभा के अंदर एवं आसपास विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू होगा और 31 दिसंबर तक चलेगा।
मुर्मू 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होंगी।