आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नीतीश को बधाई दी

0
2023_3image_19_54_126690431lolo66

अमरावती, 20 नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके नए मंत्रिमंडल को बधाई दी।

नायडू अपने पुत्र और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश के साथ पटना के गांधी मैदान में शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए।

नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुआ। उन्हें और उनके नए मंत्रिमंडल को बधाई देते हुए मुझे खुशी हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में राजग नेतृत्व को एक सफल और जन-केंद्रित शासन के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’

जद (यू) प्रमुख नीतीश ने बृहस्पतिवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने 71 वर्षीय नीतीश और 26 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 14 और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के 8 मंत्री शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कई राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के पद पर सेवा देने वालों में नीतीश (71) का नाम शामिल है। वह 19 वर्षों से सत्ता में हैं।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीट जीतकर सत्ता में वापसी की है, जिसमें भाजपा को 89, जदयू को 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) को 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को 4 सीट मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *