शाह और प्रधान ने की नीतीश कुमार से मुलाकात

Untitled-14

पटना,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई जब विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का आज अंतिम दिन था।

सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रचार को लेकर चर्चा हुई।

शाह और कुमार की इस मुलाकात में जनता जद (यूनाइटेड) और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इससे पहले बृहस्पतिवार को शाह ने स्पष्ट किया था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा था कि चुनाव के बाद राजग विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

शाह ने कहा था, “जहां भी हमें पूर्ण बहुमत मिला, चाहे वह राज्य हो या केंद्र, हमने गठबंधन की भावना से सरकार चलाई है। भाजपा ने हमेशा अपने सहयोगियों का सम्मान किया है और इस बार भी यही परंपरा जारी रहेगी।”

इसी क्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने भी दोहराया कि राजग में सब कुछ ठीक है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरे हैं।

बिहार में भाजपा और जद(यू )101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमा) को छह-छह सीटें दी गई हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं।

राज्य की 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।