सहनी का राजग में था सम्मान, महागठबंधन में बन गए हैं ‘डगरा का बैंगन’: दिलीप जायसवाल

0
r4e3ewsa

पटना, 16 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध को लेकर बृहस्पतिवार को कटाक्ष किया और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा कांग्रेस पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी के “अपमान” का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी कहा कि सहनी का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जो सम्मान था, वो अब खत्म हो गया है और विपक्षी गठबंधन में उन्हें ‘डगरा का बैंगन’ बनाकर फेंका जा रहा है।”

जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा, “महागठबंधन में मुकेश सहनी के साथ अन्याय हो रहा है। उनके साथ जो व्यवहार किया जा रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजग में सहनी का जो सम्मान था, वह अब महागठबंधन में पूरी तरह खत्म हो गया है। आज उन्हें ‘डगरा का बैंगन’ बनाकर फेंकने का काम किया जा रहा है।”

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, सहनी सिर्फ एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि मल्लाह और निषाद समाज की आवाज हैं।

उन्होंने कहा, “मुकेश सहनी का अपमान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपमान है।”

जायसवाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “महागठबंधन ने सहनी समाज को अपमानित करने का काम किया है, और इस अपमान का जवाब समाज आने वाले चुनाव में जरूर देगा।”

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन में वीआईपी के लिए सीटों की संख्या अभी तक तय नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *