तोक्यो, 25 अक्टूबर (एपी) कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना ने पीठ की समस्या के चलते सेमीफाइनल से पहले शनिवार को पैन पैसिफिक ओपन से हटने का फैसल किया।
उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जीत के एक दिन बाद पीठ की समस्या का हवाला दिया। क्वार्टरफाइनल में उनकी जीत के साथ डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए आखिरी बची जगह पक्की हो गई थी।
2022 विम्बलडन चैंपियन को तोक्यो टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में लिंडा नोस्कोवा का सामना करना था।
रायबाकिना ने एक बयान में कहा, ‘‘मुझे बहुत दुख है कि मैं आज नहीं खेल सकती। मेरी पीठ में समस्या हो रही है। ’’
रायबाकिना ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में विक्टोरिया म्बोको को 6-3, 7-6 (4) से हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए आठवां और आखिरी स्थान हासिल कर लिया।
रायबाकिना ने अगले महीने सऊदी अरब में होने वाले डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए मीरा एंड्रीवा को पीछे छोड़ते हुए आठवां स्थान हासिल किया था।
डब्ल्यूटीए फाइनल्स एक से आठ नवंबर तक खेला जाएगा जिसमें रायबाकिना शीर्ष रैंकिंग की खिलाड़ी आर्यना सबालेंका, इगा स्वियातेक, कोको गॉफ, अमांडा अनिसिमोवा, मैडिसन कीज, जेसिका पेगुला और जैस्मीन पाओलिनी के साथ शामिल होंगी।