मुंबई, 18 अक्टूबर (भाषा) रियर एडमिरल शांतनु झा ने रियर एडमिरल अनिल जग्गी के बाद महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र (एमएनए) की कमान संभाली। नौसेना ने शनिवार को यह जानकारी दी।
झा ने शुक्रवार को आईएनएस कुंजली में आयोजित औपचारिक परेड में पदभार ग्रहण किया।
रियर एडमिरल झा एक जुलाई, 1993 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से स्नातक झा नौवहन और दिशा-निर्देशन के विशेषज्ञ हैं।
उन्होंने अग्रिम पंक्ति के छह युद्धपोतों और विध्वंसकों के साथ-साथ विमानवाहक पोत आईएनएस विराट का भी संचालन किया है। उन्होंने विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य के कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य किया है और उनके समुद्री कमानों में भारतीय नौसेना के पोत निशंक, कोरा और सह्याद्रि की कमान शामिल हैं।
भारतीय नौसेना ने एक बयान में बताया कि उन्होंने संयुक्त निदेशक (कार्मिक), नौसेना उप प्रमुख के नौसेना सहायक, कमोडोर (विदेश सहयोग) और एनएचक्यू नयी दिल्ली में कमोडोर (रणनीति, अवधारणाएं एवं परिवर्तन) के पद पर सेवाएं दीं। उन्होंने ईरान के तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास में भारत के ‘नौसेना अताशे’ के रूप में भी कार्य किया है।
भारतीय ‘नौसेना अताशे’ एक नौसेना अधिकारी होता है जो विदेश में भारतीय दूतावास या उच्चायोग में सेवाएं देता है तथा मेजबान देश एवं अन्य विदेशी सरकारों के लिए देश के सैन्य प्रतिनिधि के रूप में कार्य करता है।
वेलिंगटन स्थित ‘डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज’ और लंदन स्थित ‘रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज’ से स्नातक रियर एडमिरल झा ने मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में और लंदन स्थित किंग्स कॉलेज से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एवं रणनीति में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है।
नौसेना पदक से सम्मानित झा को नौसेना प्रमुख और कमांडर-इन-चीफ ने भी चार अवसरों पर सम्मानित किया है।
नौसेना ने कहा कि 15 जनवरी को ‘फ्लैग रैंक’ पर पदोन्नति के बाद उन्हें पूर्वी नौसेना कमान का ‘चीफ स्टाफ ऑफिसर (ऑपरेशंस)’ नियुक्त किया गया। वह महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र की कमान संभालने से पहले भी इस पद पर कार्यरत थे।