तिरुवनंतपुरम, 21 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मंगलवार को केरल पहुंचने से पहले राज्य की राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति के हवाई अड्डे से निकलने के रास्ते पर दोपहर तीन बजे से पूरे शहर में यातायात नियंत्रित किया जाएगा और प्रतिबंध लागू रहेंगे।
प्रेस सूचना ब्यूरो की विज्ञप्ति के अनुसार, मुर्मू शाम को राज्य पहुंचेंगी और बुधवार को पथनमथिट्टा जिले के सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन और आरती के लिए जाएंगी।
राष्ट्रपति उसी दिन तिरुवनंतपुरम लौट आएंगी और बृहस्पतिवार को यहां राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण करेंगी।
मुर्मू बाद में वर्कला में शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु के महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी।
राष्ट्रपति कोट्टायम जिले के पाला स्थित सेंट थॉमस कॉलेज के 75 वर्ष पूरे होने के उत्सव (प्लेटिनम जुबली समारोह) के समापन में भी शामिल होंगी।
वह 24 अक्टूबर को एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी, जिसके साथ ही उनका केरल दौरा समाप्त हो जाएगा।
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अधिकारियों ने कहा है कि राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के लिए सबरीमला में सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू स्वामी अय्यप्पन रोड और पारंपरिक ट्रेकिंग मार्ग से होते हुए, चार पहिया वाहनों और एक एम्बुलेंस के काफिले के साथ सन्निधानम पहुंचेंगी।
टीडीबी अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पहले ही मजबूत कर दी गई है और काफिले की आवाजाही का पूर्वाभ्यास हाल ही में किया गया था।