एनवीडिया, फुजित्सु एआई पर मिलकर करेंगे काम

c2c169d9c90364334443e5dc652d26b6

तोक्यो, तीन अक्टूबर (एपी) अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया और जापान की दूरसंचार एवं कंप्यूटर विनिर्माता फुजित्सु ने कृत्रिम मेधा (एआई) पर एक साथ काम करने पर शुक्रवार को सहमति व्यक्त की।

दोनों कंपनियां एनवीडिया के कंप्यूटर चिप का उपयोग करके स्मार्ट रोबोट और कई अन्य नवाचार प्रदान करने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) पर साथ काम करेंगी।

एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन्सन हुआंग ने यहां आयोजित कार्यक्रम में मंच पर अपने फुजित्सु समकक्ष ताकाहितो तोकिता को गले लगाया।

जेन्सन हुआंग ने कहा, ‘‘ एआई औद्योगिक क्रांति पहले ही शुरू हो चुकी है। इसे संचालित करने के लिए बुनियादी ढांचे का निर्माण जापान और दुनिया भर में जरूरी है।’’

हुआंग ने तोक्यो के एक होटल में पत्रकारों से कहा, ‘‘ जापान एआई और रोबोटिक्स में दुनिया का नेतृत्व कर सकता है।’’

बयान के अनुसार, फुजित्सु और एनवीडिया, जापान में बढ़ती श्रम की कमी से निपटने के लिए ‘डिजिटल ट्विन्स’ और ‘रोबोटिक्स’ के साथ विनिर्माण में तेजी लाने के लिए एआई पर मिलकर काम कर रहे हैं। दोनों कंपनियां 2030 तक जापान के लिए एआई अवसंरचना स्थापित करने की उम्मीद कर रहे हैं।

फुजित्सु के सीईओ ताकाहितो तोकिता ने कहा कि दोनों कंपनियां जापान को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के उद्देश्य से ‘‘मानव-केंद्रित’’ दृष्टिकोण अपना रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ एनवीडिया के साथ हमारे सहयोग के माध्यम से हमारा लक्ष्य नई, अभूतपूर्व प्रौद्योगिकियों का निर्माण करना और अधिक गंभीर सामाजिक मुद्दों को हल करने में योगदान देना है।’’