भारत-श्रीलंका सहयोग क्षेत्र के लिए बहुत महत्व रखता है: प्रधानमंत्री मोदी

0
cdfreewsase3

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को श्रीलंका की अपनी समकक्ष हरिनी अमरसूर्या को दोनों देशों की साझा विकास यात्रा में एक साथ मिलकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। दोनों नेताओं ने समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए वार्ता की।

अमरसूर्या बृहस्पतिवार से भारत की तीन-दिवसीय यात्रा पर हैं। शीर्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद उनकी भारत की यह पहली यात्रा है।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारी चर्चा में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, नवाचार, विकास सहयोग और हमारे मछुआरों के कल्याण समेत कई व्यापक विषयों पर चर्चा हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘करीबी पड़ोसी होने के नाते हमारा सहयोग हमारे दोनों देशों के लोगों तथा साझा क्षेत्र की समृद्धि के लिए बहुत महत्व रखता है।’’

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोदी ने कहा कि अमरसूर्या की यात्रा ‘‘ऐतिहासिक और बहुआयामी भारत-श्रीलंका संबंधों’’ को नयी गति प्रदान करेगी।

मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने शिक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार विकास सहयोग और भारतीय मछुआरों के कल्याण समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

इसने कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच विशेष संबंधों पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने दोनों देशों की साझा विकास यात्रा में साथ मिलकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

मोदी ने अप्रैल में श्रीलंका की अपनी राजकीय यात्रा को भी याद किया और इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के साथ सार्थक चर्चा की थी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोदी ने राष्ट्रपति दिसानायक को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह उनके साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए उत्सुक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *