तोक्यो, 31 अक्टूबर (भाषा) जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी होंडा 2030 तक भारतीय बाजार में सात एसयूवी समेत 10 नए मॉडल पेश करेगी। कंपनी का लक्ष्य तेजी से बढ़ते भारतीय यात्री वाहन बाजार में बिक्री और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाना है।
होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड के निदेशक, अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि तोशीहिरो मिबे ने यहां एक बातचीत में कहा कि वाहन विनिर्माता चीन स्थित मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) के उदय के साथ वैश्विक बाजारों में बदलाव के बीच भारतीय बाजार के लिए रणनीतियों को अंतिम रूप दे रहा है।
कंपनी उत्तरी अमेरिका, जापान और भारत को अपने प्रमुख बाजारों के रूप में देखती है।
मिबे ने कहा, ‘‘ भारत एक प्राथमिकता वाला बाजार होगा और यही वह बाजार है जहां हम आगे और अधिक प्रयास करना चाहते हैं। होंडा में, हमने विशेष रूप से भारतीय बाजार के लिए एक परियोजना दल का गठन किया है जो अब भारतीय बाजार के लिए रणनीति तैयार करने पर काम कर रहा है।’’
मिसाल के तौर पर उन्होंने कहा कि जिस तरह होंडा के दोपहिया वाहन भारतीय आपूर्तिकर्ताओं और मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) के साथ सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ भारतीय बाजार में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उसी तरह देश में स्थानीयकरण को अधिकतम करने के लिए कार व्यवसाय के लिए भी इसी तरह की साझेदारियां हो सकती हैं।
योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए होंडा कार्स इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ताकाशी नाकाजिमा ने कहा कि कंपनी की देश के लिए आक्रामक योजनाएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम 2030 तक भारत में 10 और मॉडल पेश करने की योजना बना रहे हैं। एसयूवी के मुख्यधारा में आने के साथ 10 में से सात मॉडल इसी खंड से होंगे।’’
कंपनी वर्तमान में बाजार में केवल एक एसयूवी मॉडल ‘एलिवेट’ बेचती है। इसके साथ ही सेडान खंड के दो अन्य वाहन अमेज और सिटी भी उपलब्ध हैं।
होंडा अपनी अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रिक कार ‘होंडा 0 अल्फा’ का उत्पादन भारत में करने की योजना बना रही है। बाद में जापान और कुछ अन्य एशियाई देशों को निर्यात के लिए भी वह इसका उपयोग करेगी। इस मॉडल के भारत और जापान में 2027 में बिक्री के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।