भाजपा शासन करने में असमर्थ, फडणवीस ‘कमजोर’ मुख्यमंत्री जो भ्रष्टाचार से नहीं निपट सकते: उद्धव ठाकरे
Focus News 4 October 2025 0
पुणे, चार अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र या केंद्र में शासन करने में असमर्थ है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक ‘‘कमजोर नेता’’ हैं जो ‘‘बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार’’ पर लगाम लगाने में असमर्थ हैं।
पुणे यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स द्वारा आयोजित एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ठाकरे ने यह भी कहा कि शिवसेना (उबाठा) को भारतीय जनता पार्टी से हिंदुत्व पर प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है, जो ‘‘देश के भीतर दीवारें खड़ी कर रही है।’’
ठाकरे ने कहा, ‘‘भारत एक खूबसूरत देश है। इसकी एक महान संस्कृति है। हालांकि, इन लोगों (भाजपा) ने पूरे माहौल को बिगाड़ दिया है और इसे नर्क बना दिया है। इन लोगों ने देश के भीतर दीवारें खड़ी कर दी हैं। मैं इसे और बिगड़ने से रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं।’’
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने आरोप लगाया, ‘‘मैंने बार-बार कहा है कि भाजपा राज्य या केंद्र में सरकार नहीं चला सकती। नरेन्द्र मोदी सरकार कश्मीर और मणिपुर के मुद्दों का समाधान करने में विफल रही है।’’
ठाकरे ने कहा कि भाजपा देश को तानाशाही के रास्ते पर ले जा रही है।
फडणवीस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसी को भी दुश्मन नहीं मानता, प्रधानमंत्री को भी नहीं। लेकिन राज्य की मौजूदा स्थिति को देखते हुए (भाजपा नीत महायुति) के पास प्रचंड बहुमत होने के बावजूद मुख्यमंत्री कमजोर दिख रहे हैं। भ्रष्टाचार के कई मामलों के बावजूद मुख्यमंत्री भ्रष्ट व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने में असहाय दिख रहे हैं।’’
ठाकरे ने कहा कि सितंबर के उत्तरार्ध में राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के बीच फडणवीस सरकार किसानों की मदद करने में विफल रही। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने अभी तक किसानों के लिए कर्ज माफ़ी की घोषणा नहीं की है। मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए कर्ज़ माफ़ी की थी।’’
हिंदुत्व का दामन छोड़ने की आलोचना (2019 में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ गठबंधन के बाद) का जवाब देते हुए, शिवसेना नेता ठाकरे ने दावा किया कि मुसलमानों को खुश करने के लिए भाजपा ने ही ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान शुरू किया था।
ठाकरे ने सवाल किया, ‘‘पहलगाम आतंकवादी हमले में, लोगों का धर्म पूछकर उन पर गोलियां चलाई गईं। भाजपा ने क्या किया? कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए भाजपा हम पर निशाना साध रही है, लेकिन उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या (आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री) चंद्रबाबू नायडू और (बिहार के मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार कट्टर हिंदुत्व समर्थक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भाजपा से हिंदुत्व पर किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। मेरे दादा (प्रभोदनकर ठाकरे) एक प्रसिद्ध सुधारक थे। हमारा हिंदुत्व प्रगतिशील रहा है।’’
ठाकरे ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘‘बड़ी-बड़ी बातें’’ करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की आलोचना भी की।
सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 के बालाकोट हवाई हमले और हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के जरिये यह दिखा दिया है कि देश अपने नागरिकों की रक्षा और भारत की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर किसी भी सीमा को पार कर सकता है।