पटना, 23 अक्तूबर (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया।
विपक्षी गठबंधन के सभी सहयोगी दलों की उपस्थिति में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि यह निर्णय उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सहमति से लिया गया है।
गहलोत ने यह भी बताया कि यदि ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की सरकार बनती है तो विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी एक उपमुख्यमंत्री होंगे।
उन्होंने कहा कि सहनी के अलावा, समाज के अन्य वर्गों से भी उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे।