आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को शासन के 25वें वर्ष में प्रवेश करने पर दी बधाई

0
er443ewsaz

अमरावती, आठ अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन के 25वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई दी और उनके नेतृत्व को दूरदर्शी और प्रेरणादायक बताया।

नायडू ने इस उपलब्धि को चिह्नित करते हुए प्रधानमंत्री के एक ‘पोस्ट’ को ‘रीट्वीट’ किया और सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर राष्ट्र का नेतृत्व करने तक की मोदी की यात्रा को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सरकार के मुखिया के रूप में अपना 25वां वर्ष शुरू किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाना और इस महान राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना उनका निरंतर प्रयास रहा है।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री जी, इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई। जनसेवा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व देश भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्थिर और दृढ़ नेतृत्व ने भारत के शासन मॉडल को नया रूप दिया है और एक राज्य, एक राष्ट्र और इसके लोगों के भविष्य को बदल दिया है।

नायडू ने प्रधानमंत्री को राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा के लिए अनेक वर्षों तक कार्य करने तथा प्रभावी शासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाने और उत्थान करने में निरंतर सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *