
नयी दिल्ली, इतिहास में 15 अक्टूबर की तारीख भारत के मिसाइल और परमाणु हथियार कार्यक्रम को फौलादी और अभेद्य बनाने वाले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है।
बेहद सहज और सरल व्यक्तित्व वाले मृदुभाषी कलाम की रहनुमाई में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने सबसे घातक और मारक हथियार प्रणालियों का देश में विकास किया। 15 अक्टूबर 1931 को जन्मे कलाम देश के युवाओं को देश की सच्ची पूंजी मानते थे और बच्चों को हमेशा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते थे।
15 अक्टूबर, 1932 की रोमांचक सुबह में सफेद पतलून और आधी बाजू की कमीज पहने जेआरडी टाटा ने हाथ में केवल धूप का रंगीन चश्मा और एक पैमाना (स्लाइड रूल) लेकर कराची से बांबे जाने वाले सिंगल इंजन के ‘पस मोथ’ विमान में उड़ान भरी । विमान में 25 किलोग्राम हवाई डाक थी और साथ ही उसके पंखों पर एक नया इतिहास लिखा जा रहा था।
भारत की पहली वाणिज्यिक उड़ान के 15 अक्टूबर 2025 को 93 साल पूरे हो गए। महज 28 वर्ष की उम्र में टाटा ने करीब 90 साल पहले जुहू में आज ही के दिन उतरकर अविभाजित भारत के विमानन क्षेत्र में इतिहास लिख दिया था । यह घटना बाद में वर्ष 1946 में प्रतिष्ठित ‘एयर इंडिया’ की आधारशिला साबित होने वाली थी।
टाटा समूह ने 1932 में टाटा विमानन सेवा शुरू करने के लिए दो लाख रुपये निवेश किए थे। 1953 में जब तत्कालीन जवाहरलाल नेहरू सरकार ने एयर इंडिया का राष्ट्रीयकरण किया तो जेआरडी ने इस कदम का पुरजोर विरोध किया था।
देश-दुनिया के इतिहास में आज की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1240 : दिल्ली सल्तनत पर 1236 ई० से 1240 ई० तक शासन करने वाली रज़िया सुल्तान का निधन।
1918 : शिरडी के साईं बाबा ने शरीर त्यागा।
1931 : पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइलमैन एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म।
1932 : टाटा समूह ने पहली एयरलाइन की शुरुआत की। इसका नाम ‘टाटा संस लिमिटेड’ रखा गया।
1951 : अमेरिकी टेलीविजन के हास्य धारावाहिक ‘आई लव लूसी’ का प्रसारण शुरू। इसमें लूसी बॉल और उनके पति डेसी एरनाज ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। यह धारावाहिक दुनियाभर में खूब देखा और सराहा गया।
1969 : सोमालिया के राष्ट्रपति कैब्दीराशिद केली शेरमार्के की हत्या।
1987 : बुर्किना फासो में सैनिक विद्रोह में शासन प्रमुख थामस संकारा का तख्ता पलट करने के बाद उनकी और उनके कुछ समर्थकों की हत्या की गई।
1988 : उज्ज्वला पाटिल एक नौका में दुनिया की यात्रा करने वाली पहली एशियाई महिला बनीं।
1993 : दक्षिण अफ्रीका के नेता नेल्सन मंडेला और एफ डब्ल्यू क्लार्क को रंगभेद को शांतिपूर्ण ढंग से खत्म करने और नये लोकतांत्रिक दक्षिण अफ्रीका की नींव रखने पर शांति के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया।
2003 : अंतरिक्ष में मानवयुक्त यान भेजने वाला चीन तीसरा देश बना।
2020 : भारत की प्रथम ऑस्कर विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया का निधन।
2021 : अफगानिस्तान के कंधार प्रांत की शिया मस्जिद ‘फातिमिया’ में आत्मघाती हमला, 47 की मौत।
2022 : तुर्किये में काला सागर के तटीय प्रांत बार्टिन के अमासरा शहर में कोयला खदान में विस्फोट से 40 लोगों की मौत।
2023 : अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने काराबाख की राजधानी में अपने देश का झंडा फहराया।
2024 : तालिबान द्वारा संचालित मीडिया ने नैतिकता कानूनों का पालन करने के लिए अफगानिस्तान के कुछ प्रांतों में प्राणियों की तस्वीरें दिखाना बंद कर दिया। देश के धर्माचरण मंत्रालय ने दो माह पहले अगस्त में सार्वजनिक परिवहन, दाढ़ी बनाना, मीडिया और समारोहों जैसे रोजमर्रा के जीवन के पहलुओं को नियंत्रित करने वाले कानूनों को प्रकाशित किया था जो इस्लामी कानून या शरिया की अधिकारियों की व्याख्या को प्रतिबिंबित करते हैं।