दिल्ली में यमुना का जलस्तर कम होकर 206 मीटर से नीचे पहुंचा

hgghgghhgghhh

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दिल्ली में पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर शनिवार रात आठ बजे कम होकर 205.98 मीटर पर पहुंच गया, जो कई दिन से 207 मीटर के आसपास था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

हालांकि जलस्तर अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।

अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां ​​अलर्ट पर हैं।

नदी के पास निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के अस्थायी आवास के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, मयूर विहार, कश्मीरी गेट और आसपास के इलाकों में टेंट लगाए गए हैं।

दिल्ली में चेतावनी का निशान 204.50 मीटर, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। जलस्तर 206 मीटर पर पहुंचने के बाद नदी के आसपास रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाता है।

पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के जोखिमों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से रात आठ बजे 46,501 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वजीराबाद बैराज से लगभग 93,260 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

बैराजों से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं।