नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) दिल्ली की राजनीति के कद्दावर नेता एवं जनसंघ के दौर के अंतिम नेताओं में शुमार विजय कुमार मल्होत्रा खेल और पत्रकारिता के अलावा भी कई पेशेवर क्षेत्रों में रुचि रखते थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार को 94 वर्ष की आयु में उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें हमेशा जमीन से जुड़ा रहने वाला जननायक बताया।
सुबह छह बजे उनके निधन की घोषणा होते ही राष्ट्रीय राजधानी स्थित उनके आवास के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पार्टी के एक नेता ने कहा कि उनके निधन के साथ ही दिल्ली में ‘‘केदारनाथ साहनी-मदन लाल खुराना-वीके मल्होत्रा’’ युग का अंत हो गया।
उस दौर में जब भाजपा का राष्ट्रीय राजधानी में बहुत कम प्रभाव था, तब इन तीनों नेताओं ने पार्टी को मजबूती से टिकाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मजबूत कांग्रेस के खिलाफ पार्टी को बचाए रखने में योगदान दिया।
मल्होत्रा का जन्म तीन दिसंबर, 1931 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार दिल्ली में बस गया।
वह दिल्ली भाजपा के शुरुआती नेताओं में से एक थे, जो विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे और 2008 के चुनाव में उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया। हालांकि इस उस चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई और शीला दीक्षित मुख्यमंत्री बनी रहीं।
मल्होत्रा 2004 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली से भाजपा के एकमात्र विजेता थे। इस चुनाव में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की हार हुई थी।
वह 1972 से 1975 तक दिल्ली में भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष रहे और 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद पार्टी की दिल्ली प्रदेश इकाई के पहले प्रमुख भी बने।
मल्होत्रा ने हिंदी साहित्य में ‘डॉक्टरेट’ की उपाधि हासिल की थी और (वह) दिल्ली में शतरंज एवं तीरंदाजी क्लबों का संचालन करते थे।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मल्होत्रा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मल्होत्रा ने उन्हें (सचदेवा को) और कई अन्य लोगों को नेता बनाया।
उन्होंने मल्होत्रा को दिल्ली का पहला “विकास पुरुष” बताया। वर्ष 1967 से 1971 के दौरान मल्होत्रा के महानगर परिषद का अध्यक्ष रहते हुए पटेल नगर को मोती नगर से जोड़ने वाले शहर के पहले फ्लाईओवर का निर्माण हुआ था।
दिल्ली के एक अन्य नेता प्रवीण शंकर कपूर ने बताया कि 1950 से 1952 के बीच मल्होत्रा ने राष्ट्रीय राजधानी से प्रकाशित हिंदी दैनिक ‘वीर अर्जुन’ में ‘डिप्टी एडिटर’ के रूप में काम किया। अटल बिहारी वाजपेयी इसके संपादक थे।
मल्होत्रा भारतीय ओलंपिक संघ, भारतीय तीरंदाजी संघ और अखिल भारतीय खेल परिषद के अध्यक्ष भी रहे।