चंडीगढ़, सात सितंबर (भाषा) थकान और हृदय गति धीमी पड़ने की शिकायत के बाद शुक्रवार को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराए गए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। अस्पताल के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने एक बयान में कहा, ‘‘मान के स्वास्थ्य के सभी पैमाने सामान्य हैं और वह चल-फिर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।’’
मान को शुक्रवार को पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करनी थी, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। उन्हें थकान और हृदय गति धीमी पड़ने की शिकायत के बाद शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मान बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर भी नहीं जा सके थे। केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को मान से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।