नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास पर कदम्ब का एक पौधा रोपा, जो उनके 75वें जन्मदिन पर ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय की ओर से उपहार में मिला था।
भारत में ब्रिटिश उच्चायोग के कार्यालय ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कहा था कि यह उपहार मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से प्रेरित है, जिसमें लोगों से उनकी माताओं के सम्मान में पौधारोपण करने को कहा जाता है।
उसने कहा कि यह उपहार महाराज चार्ल्स तृतीय और मोदी की पर्यावरण संरक्षण के लिए साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एक आधिकारिक वीडियो में मोदी को उनके सरकारी आवास पर पौधा रोपते हुए देखा जा सकता है।
मोदी ने जुलाई में अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत ही महाराजा चार्ल्स तृतीय को सोनोमा का पौधा भेंट किया था।
उच्चायोग के अनुसार, ‘‘जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा पर सहयोग राष्ट्रमंडल और ब्रिटेन-भारत साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है, जैसा कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने विजन 2035 में तय किया है।’’