नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार एक नई आदर्श इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति पर काम कर रही है और उन्होंने पुष्टि की कि 2026 के अंत तक सभी सार्वजनिक परिवहन इलेक्ट्रिक हो जाएंगे।
द सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुये, गुप्ता ने इस बात पर ज़ोर दिया कि दुर्घटनाओं के लिए चालक ज़िम्मेदार होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटनायें हर मिनट, हर घंटे होती हैं। वाहन दोषी नहीं हैं; चालक दोषी हैं। हमें भारतीयों की मानसिकता बदलने की ज़रूरत है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कई लोग सीट बेल्ट नहीं लगाने में गर्व महसूस करते हैं। हालांकि, यातायात नियमों का और सख़्ती से पालन होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आपको विदेश में यातायात नियम तोड़ने में डर लगता है, तो आपको यहां उन्हें तोड़ने की इजाज़त नहीं मिलनी चाहिए।’’
गुप्ता ने लोगों से ‘‘सरकार की खातिर नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए’’ यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।’’
उन्होंने दिल्ली में कूड़े के पहाड़, यातायात जाम और प्रदूषण जैसी लगातार बनी रहने वाली समस्याओं को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि सरकार इन समस्याओं का समाधान कर रही है।