अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी

0
r454ewa

ईटानगर, 25 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को भाजपा के विचारक पंडित दीन दयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके एकात्म मानववाद के दर्शन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की प्रतिबद्धता को याद किया।

सोशल मीडिया पर खांडू ने उपाध्याय को “एक प्रखर विचारक, संगठनकर्ता और शाश्वत पथप्रदर्शक” बताया, जिन्होंने मूल्यों और करुणा से प्रेरित राष्ट्र की नींव रखी।

खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे राष्ट्र की आत्मा भारत माता है। ‘माता’ के बिना, भारत केवल एक भूगोल, एक निर्जीव भूखंड मात्र बनकर रह जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने हमें एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन दिया तथा राष्ट्र निर्माण के पथ पर पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया।’’

उपमुख्यमंत्री चोना मेन ने भी जनसंघ नेता को प्रेरणा स्रोत बताया, जिनके सिद्धांत आज भी भारत की प्रगति के मार्गदर्शक बने हुए हैं।

मेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “एकात्म मानववाद और अंत्योदय की उनकी दृष्टि प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान की ओर समाज को ले जाने की हमारी यात्रा का प्रकाश पुंज है। आइए, हम एक आत्मनिर्भर, समावेशी और करुणामय भारत के निर्माण के लिए कार्य करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *