भाजपा विधायक गणेश गांवकर को गोवा विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया

0
goa-news

पणजी, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गणेश गांवकर को बृहस्पतिवार को सदन के विशेष सत्र के दौरान बहुमत हासिल करने के बाद गोवा विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

राज्यपाल पी अशोक गजपति राजू ने नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए विशेष सत्र बुलाया था। पिछले महीने रमेश तवाडकर के इस्तीफे के कारण अध्यक्ष का पद खाली हो गया था, जिन्हें प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाले राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

गांवकर को अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार अल्टोन डी’कोस्टा के खिलाफ 32 वोट मिले। कोस्टा को केवल सात विधायकों का समर्थन प्राप्त था।

सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता करने वाले उपाध्यक्ष जोशुआ डिसूजा ने 66 वर्षीय गांवकर को विधानसभा का नया अध्यक्ष घोषित किया।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ बाद में नवनिर्वाचित अध्यक्ष को आसन तक ले गए और उन्हें बधाई दी।

गोवा के 40 सदस्यीय सदन में 28 विधायकों वाली भाजपा को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है।

विपक्ष में कांग्रेस के तीन, आम आदमी पार्टी (आप) के दो और गोवा फॉरवर्ड पार्टी और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी के एक-एक विधायक शामिल हैं।

विपक्ष ने अध्यक्ष के चुनाव के लिए क्यूपेम के विधायक डी’कोस्टा को अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा था।

वर्तमान में सावंत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के दौरान यह दूसरी बार है जब गांवकर विधानसभा अध्यक्ष बने हैं।

दो बार के विधायक गांवकर को पहले 2022 गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अस्थायी अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। गांवकर ने तब सदन में सभी विधायकों को शपथ दिलाई थी।

आदिवासी नेता पहली बार 2012 में सनवोर्डेम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुने गए थे, लेकिन 2017 के चुनावों में उसी निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी दीपक पौस्कर से हार गए थे।

गांवकर ने 2022 के चुनावों में भाजपा के टिकट पर सनवोर्डेम निर्वाचन क्षेत्र से वापसी की।

वर्तमान कार्यकाल में गांवकर पड़ोसी राज्य कर्नाटक द्वारा महादेयी नदी के पानी को मोड़ने के मुद्दे का अध्ययन करने के लिए गठित सदन की समिति में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *