गुवाहाटी, 11 सितम्बर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को स्वामी विवेकानंद को उनके ऐतिहासिक शिकागो भाषण की 132वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘1893 में, शिकागो में विश्व धर्म संसद के मंच से स्वामी विवेकानंद के सार्वभौमिक स्वीकृति के कालजयी शब्दों ने अमिट छाप छोड़ी। एक सदी से अधिक समय बाद भी उनका संदेश आज भी करोड़ों लोगों के हृदय में गूंजता है।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘11 सितम्बर को ‘विश्व बंधुत्व दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, जो भारत की आत्मा, वेदों के एकत्व, शांति और समावेश के संदेश को दर्शाता है।’’
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को पुनः पढ़ने और ‘‘भारत और हिंदू धर्म के शाश्वत मूल्यों से प्रेरणा लेने’’ का आह्वान किया।