रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू के अस्पताल में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की

we43ewsa

जम्मू, 24 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल जाकर किश्तवाड़ जिले में एक सुदूर गांव में अचानक आई बाढ़ में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सिंह के साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी थे।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से यहां पहुंचने के बाद मंत्री सीधे जम्मू अस्पताल पहुंचे और वहां इलाज करा रहे 16 लोगों से मुलाकात की।

गत 14 अगस्त को चिशोती गांव में बादल फटने से 65 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक घायल हो गये थे। तब से लापता 32 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों ने बताया कि सिंह को मचैल माता मंदिर के रास्ते में पड़ने वाले अंतिम गांव चिशोती भी जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण यह दौरा रद्द कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि सिंह अब दिल्ली लौटने से पहले राजभवन जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम ने मंत्री को अपने इलाज के बारे में जानकारी दी।