‘जन सुनवाई’ के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला: भाजपा

8643497c-d970-4940-ae72-da8142e26198

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह को सिविल लाइंस स्थित उनके आधिकारिक आवास पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हमला किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

भाजपा की दिल्ली इकाई ने एक संदेश में यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पर हुए ‘‘हमले’’ की ‘‘कड़ी’’ निंदा की है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि गुप्ता पर लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति ने ‘‘हमला’’ किया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने जन सुनवाई के दौरान पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज दिए और फिर कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।