कोलकाता, नौ जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आदिवासी नेता बिरसा मुंडा को उनकी पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर बंगाल में एक कॉलेज का नामकरण मुंडा के नाम पर किया है, साथ ही उनकी जयंती मनाने के लिए सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जय जोहार। बिरसा मुंडा को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमने उत्तर बंगाल में एक कॉलेज का नाम इस आदिवासी नायक के नाम पर रखा है। इतना ही नहीं, हमने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी जयंती पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया है।’’
बिरसा मुंडा की मृत्यु नौ जून, 1900 को रांची के पुराने केंद्रीय कारागार में हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक बार फिर इस महान आदिवासी नायक को अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।’’
बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को हुआ था।