लालू प्रसाद ने पटना में परिवार और पार्टी नेताओं के साथ अपना 78वां जन्मदिन मनाया

0
ser4t5redsa

पटना, 11 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पटना में बुधवार को अपने परिवार के साथ केक काटकर अपना 78वं जन्मदिन मनाया।

प्रसाद ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आधिकारिक आवास पर अपना जन्मदिन मनाया, जहां उनके परिवार के सदस्य और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

उन्होंने 10 सर्कुलर रोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लाए गए 78 किलोग्राम के केक को भी तलवार से काटा। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित हो रहा है।

पार्टी सुप्रीमो का जन्मदिन मनाने के लिए राबड़ी देवी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जमा हो गए। उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर नृत्य किया और मिठाइयां बांटी।

अन्य राजनीतिक हलकों से उन्हें बधाइयां मिलीं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने भी लालू प्रसाद को शुभकामनाएं दीं।

तमिनाडु के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष थिरु लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं। वह भारतीय राजनीति में एक अग्रणी शक्ति रहे हैं, जिन्होंने हाशिए पर पड़े लोगों को सत्ता के केंद्र में रखा है।’’

उन्होंने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों को दृढ़ता से लागू कर और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े होकर, उन्होंने सामाजिक न्याय पर राष्ट्रीय विमर्श को नया स्वरूप दिया। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।

लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा, हमारी ताकत, हमारे कवच, हमारे आदर्श, हमारे गौरव, हमारे मार्गदर्शक, हमारे सुपरमैन, हमारे पापा को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं …। हैप्पी बर्थडे पापा।’’

राजद की बिहार इकाई के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी सामूहिक भोज का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी के कार्यकर्ता अस्पतालों में गरीब मरीजों के बीच फल और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के बीच ‘स्टेशनरी’ (पढ़ाई से संबंधित सामग्री) बांट रहे हैं।

राजद के संरक्षक लालू प्रसाद के राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना ​​है कि लालू की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी नेताओं के साथ गठजोड़ बनाने की क्षमता बेजोड़ है।

बिहार में महागठबंधन में राजद सबसे बड़ा सहयोगी है। बिहार में महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन (भाकपा-माले लिबरेशन), भाकपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *