मुंबई, 25 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भारत का लोकतंत्र उन लोगों के संघर्ष के कारण बचा है जिन्होंने आपातकाल लागू किए जाने का विरोध किया था।
आपातकाल को काला अध्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि जब संविधान, लोकतंत्र और कई संस्थाओं को कुचल दिया गया था, तो इसे कभी भुलाया नहीं जाना चाहिए।
फडणवीस ने कहा, ‘‘जेल में बंद राजनीतिक कार्यकर्ताओं का मनोबल हमेशा ऊंचा रहा और उन्होंने देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए जी-जान से लड़ाई लड़ी। उन्होंने आपातकाल लगाने और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को निलंबित करने का विरोध किया।’’
वह 25 जून 1975 को दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाए जाने की 50वीं बरसी के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
फडणवीस ने कहा, ‘‘आज का दिन उन लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का है जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी।’’