बिहार चुनाव : बुजुर्गों की विदाई तय,युवाओं के सिर सजेगा “ताज”

0
1748846836058

देश और दुनिया में प्राचीन ज्ञान एवं शिक्षा के केंद्र नालंदा एवं विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए चर्चित बिहार में “बुजुर्गों” की राजनीति के दिन अब पूरे होते दिख रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के चलते उनकी राजनीतिक सक्रियता अब ना के बराबर है। वहीं,समाजवादी आंदोलन से निकले दूसरे बड़े चेहरे रामविलास पासवान के पुत्र और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की एंट्री भी अब बिहार के दंगल में हो गई है। इसी प्रकार वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी बुजुर्ग तथा बीमार होने की बात कही जा रही है जिसके चलते भी अब उनके राजनीतिक “वारिस” की तलाश की जा रही है। ऐसे में बिहार की राजनीति से बुजुर्गों की विदाई तय है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि इस साल के आखिर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में राजनीति में युवाओं के रूप में नए चेहरों की “भागीदारी” महत्वपूर्ण रहेगी तथा बतौर मुख्यमंत्री किसी नए चेहरे के सिर पर सत्ता का “ताज” सज सकता है।

 

         बिहार की सियासत की बात करें तो वर्तमान में  बिहार में सक्रिय विभिन्न राजनीतिक दलों में इन दिनों पार्टी की कमान युवा चेहरों के हाथ है। चारा घोटाले में लालू यादव के सजायाफ्ता होने तथा उम्रदराज होने के बाद उनके पुत्र तेजस्वी यादव ने पार्टी की बागडोर संभाल रखी है। लालू यादव अब पार्टी में महज मार्गदर्शक की भूमिका में हैं। आज से करीब दस वर्ष पूर्व 2015 में ही राजनीति में तेजस्वी यादव की एंट्री हो गई थी। बीते बिहार विधानसभा के चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव राजनीति की लाइमलाइट में आए थे। तब उन्होंने कांग्रेस सहित अन्य गैर भाजपाई दलों के साथ बिहार में “महागठबंधन” बना कर चुनाव लड़ा और खासी कामयाबी हासिल की। तब चुनावी राजनीति में पहली बार ही बेहतर प्रबंधन करते हुए तेजस्वी की अगुवाई में आरजेडी को 75 सीटें मिली थी। अब एक बार फिर बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तेजस्वी की कमान में राष्ट्रीय जनता दल पूरी तरह तैयार है और उनके आक्रामक तेवर पार्टी कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर रहे हैं।

 

           इस साल की शुरुआत में ही जनता दल यूनाइटेड के नेताओं ने वर्तमान मुख्यमंत्री नितीश कुमार के चेहरे पर ही एक बार फिर से चुनाव लड़ने की बात छेड़कर गठबंधन की राजनीति को गर्मा दिया है। जनता दल यूनाइटेड का एक धड़ा नीतीश कुमार के पुत्र को राजनीति में लाने की बात कह रहा है। पेशे से इंजीनियर नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार सक्रिय राजनीति से अभी तक दूर ही रहते आए हैं। कई बार निशांत खुद भी इस बात का एलान कर चुके हैं कि वो कभी भी अपने पिता की तरह राजनीति में नहीं आएंगे। लेकिन राजनीति संभावनाओं का खेल है और बिहार की राजनीति के जानकार इस बात को मानते हैं कि देर सवेर-सही निशांत कुमार का सक्रिय राजनीति में प्रवेश होकर ही रहेगा। ऐसे में भाजपा एवं जनता दल यूनाइटेड सहित समूचा एनडीए निशांत कुमार को भावी युवा मुख्यमंत्री के तौर पर प्रस्तुत कर सकता है।उधर,बिहार की राजनीति में समाजवादी आंदोलन से निकले एक दूसरे कद्दावर नेता रामविलास पासवान साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान ही अपने पुत्र चिराग पासवान को सियासत में उतार चुके थे।

 

        इस दौरान पार्टी के सारे फैसले चिराग ही लेते रहे। पिता रामविलास पासवान की मौत के बाद उनके चाचा पशुपति पारस ने धोखा दिया और चिराग अकेले पड़ गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चिराग ने अपनी ताकत का एहसास 2020 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को करा दिया। अब बदले हालात में अपने दम पर चिराग पासवान दो भागों में अब बंट चुकी लोजपा के एक धड़े लोजपा (राम विलास) का नेतृत्व कर रहे हैं।  खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान बताने वाले चिराग पासवान ने “बिहार एवं बिहारी फर्स्ट” का नारा एक बार दोहराते हुए बिहार विधानसभा में चुनाव लड़ने की बात कही है। बिहार के दंगल में चिराग पासवान की एंट्री से  विधानसभा चुनाव में बिहार में खुद की अगुवाई में अपनी पार्टी के विस्तार के साथ-साथ अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज करने की कोशिश चिराग की रहेगी।

 

       बिहार में महागठबंधन में शामिल कांग्रेस अपने स्वतंत्र अस्तित्व के बजाय महागठबंधन के जरिए ही कांग्रेस अपनी उपस्थिति दर्ज कर रही है। वर्ष 2019 में सीपीआई से कांग्रेस में गए कन्हैया कुमार इन दोनों बिहार में कांग्रेस के पोस्टर बॉय हैं। कन्हैया मूल रूप से बिहार के बेगूसराय के रहने वाले हैं तथा जेएनयू छात्र संघ के वे अध्यक्ष भी रह चुके हैं। नयी सोच के साथ बिहार को आगे बढ़ाने में कन्हैया की भूमिका हो सकती है। कांग्रेस ने बिहार में जो सांगठनिक बदलाव किए हैं, वह कन्हैया कुमार के अनुकूल है तथा इस लगता है कि कांग्रेस बिहार में अपने पारंपरिक वोट बैंक की ओर लौट रही है और सवर्णों को एक बार फिर तरजीह देने की कांग्रेस ने योजना बनाई है। कन्हैया कुमार भी सवर्ण भूमिहार हैं। और कन्हैया कुमार की दमपरी कांग्रेस अब बिहार के चुनावी महाभारत में जीत का परचम लहराना चाहती है। बिहार विधानसभा चुनाव की कवायद में चुनावी रणनीतिकार से पॉलिटिशियन बने प्रशांत किशोर उर्फ पीके बिहार में वैकल्पिक राजनीति की जमीन तैयार करने में जुटे हैं।

 

          एक कुशल रणनीतिकार के तौर पर उन्होंने ममता बनर्जी और नीतीश कुमार के लिए काम किया तथा दोनों को चुनावी सफलता भी दिलाई। पीके ने पिछले साल गांधी जयंती पर दो अक्टूबर से वैकल्पिक राजनीति पर काम करना शुरू किया। उनकी नजर में बीते तीन दशक में बिहार पिछड़ेपन का शिकार हुआ है तथा बिहार कैसे आगे बढ़ सकता है, इसका उपाय बताने वे गांव-गांव घूम चुके हैं। पहले ही साल में पीके को कामयाबी मिली, जब सारण सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज का समर्थित उम्मीदवार एमएलसी का चुनाव जीत गया। एक समय था जब राजनीति में  बुजुर्गों को परिपक्वता की नजरों से देखा जाता था तथा बुजुर्ग राजनीतिज्ञों का अनुभव उनकी योग्यता का पैमाना था। लेकिन बदलते वक्त के साथ अब सियासी चलन बदल रहे हैं। हाल के दिनों में दिनों में भी पीके ने बिहार लोक सेवा आयोग के पेपर लीक के बाद में परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर हुए युवाओं के आंदोलन की अगुवाई भी की थी।

 

                 राजनीति में बुजुर्गों की विदाई तथा युवा पीढ़ी को अधिक मौके देने वाली इस कवायद में सबसे पहले भाजपा ने इस बदलाव की शुरुआत की थी। भाजपा ने 75 साल के पॉलिटिशियन को रिटायर करने की इस कवायद में लालकृष्ण आडवाणी एवं मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं को “मार्गदर्शक मंडल” में भेज दिया गया। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने के आह्वान किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यही “राजनीतिक आह्वान”  का आगाज़ बिहार विधानसभा चुनाव से ही अमल में आ सकता है। इसके साथ ही मोदी और शाह की जोड़ी किसी नए “युवा चेहरे” को अब अप्रत्याशित रूप से भी पार्टी का चेहरा बनाकर पेश कर सकती हैं। भाजपा गठबंधन की ओर से यह नया चेहरा चिराग पासवान अथवा सम्राट चौधरी  का भी हो सकता है। यही वजह है कि अब राजनीति में पीढ़ीगत बदलाव का यह दौर अब बिहार के विधानसभा चुनाव में भी दिखाई दे सकता है, और किसी युवा के सिर पर बिहार की सत्ता का “ताज” सज सकता है,इस बात के पूरे आसार बन रहे हैं। 

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *