दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उपलब्धि पुस्तिका जारी की

0
rekha-gupta-2

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों के संबंध में शुक्रवार को एक कार्य पुस्तिका जारी की और कहा कि उनकी सरकार चौबीसों घंटे लोगों की सेवा कर रही है।

‘काम करने वाली सरकार: 100 दिन सेवा के’ शीर्षक वाली कार्य पुस्तिका में, दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न पहल और परियोजनाओं को रेखांकित किया गया है, जिनमें यमुना की सफाई, आयुष्मान भारत का कार्यान्वयन, वय वंदना योजना, टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति को बढ़ावा देना और ई-बस खरीद शामिल हैं।

गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार चौबीसों घंटे लोगों की सेवा करने के लिए समर्पित है। उन्होंने कार्य पुस्तिका को एक ऐसा दस्तावेज बताया, जिसमें दिल्ली की विकास यात्रा का विवरण है।

उन्होंने सरकार के लोक कल्याण प्रयासों के विवरण वाला पर्चा लाने की भी घोषणा की, जिसे प्रत्येक घर में वितरित किया जाएगा, ताकि लोगों को सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि लोगों को सरकारी परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी देने के लिए कार्य पुस्तिका को नियमित रूप से अद्यतन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगले 10 दिनों में, यह कार्य पुस्तिका जनसभाओं के माध्यम से दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और प्रत्येक वार्ड में ले जाई जाएगी, जिससे नागरिक सीधे सरकार के प्रयासों से जुड़ सकेंगे।’’

गुप्ता ने कहा, ‘‘इन सभाओं में मंत्री, विधायक, पार्षद और सांसद भी शामिल होंगे जो न केवल सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों को साझा करेंगे बल्कि भविष्य की योजनाओं के लिए जनता से जानकारी और सुझाव भी एकत्र करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक कार्यक्रम में लोगों को पिछले 100 दिन की सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान में केंद्र और राज्य सरकारें लोगों की सेवा के लिए ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के रूप में मिलकर काम कर रही हैं।

पिछली आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला करते हुए गुप्ता ने आरोप लगाया कि उसने भ्रष्टाचार के जरिए जनता के पैसे को बरबाद किया, जबकि मौजूदा सरकार ने जनसेवा को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछली सरकारें प्रसिद्धि चाहती थीं, हम काम करने वाली सरकार हैं। वे विलासिता में लिप्त थे, जबकि हम सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार से महल सजाए, हम ईमानदारी से दिल्ली को आकार दे रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 2025-26 वित्त वर्ष के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट घोषित किया है और सरकार इसे ईमानदारी से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *