
अपनी फिटनेस के लिए मशहूर और एक फैशन आइकन के तौर पर पहचान रखने वाली मॉडल, मराठी टेलीविजन और फिल्म की मल्टी टेलेंटेड एक्ट्रेस रसिका सुनील सोशल मीडिया पर अपनी बिकिनी और मोनोकिनी लुक से चर्चा में रहती हैं।
3 अगस्त 1992 को महाराष्ट्र के अकोला में पैदा हुई रसिका सुनील जब एक साल की थीं, तब उनका परिवार अकोला से मुंबई आकर यहां के उपनगर डोंबिवली में रहने लगा। उनके पिता एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और मां मनीषा वकील हैं।
रसिका ने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई के उपनगर डोंबिवली से पूरी की। उनकी 11वीं-12वीं की पढ़ाई पेंडरखर कॉलेज से संपन्न हुई। इसके बाद, उन्होंने ठाणे के के.जी. जोशी बेडेकर कॉलेज से मास मीडिया में स्नातक की डिग्री हासिल की।
अपनी पढाई खत्म करने के बाद रसिका ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 9X टीवी के ‘लक्स झकास हीरोइन कॉन्टेस्ट’ में भाग लिया, जो उनका पहला ऑन-स्क्रीन प्रदर्शन था।
रसिका ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2016 में मराठी फिल्म ‘पॉशटर गर्ल’ (2016) और टीवी शो ‘माझ्या नवऱ्याची बायको’ (2016) से की थी।
फिल्म ‘पॉशटर गर्ल’ (2016) में उन्होंने एक लावनी नृत्यांगना संगीता का किरदार निभाया था जबकि टीवी शो ‘माझ्या नवऱ्याची बायको’ (2016) में वह शनाया सबनिस के नेगेटिव किरदार में थीं।
इस किरदार में शनाया, गुरुनाथ की प्रेमिका होती है जो उसकी पत्नी राधिका से अलग करने की कोशिश करती है। रसिका ने 2016 से 2018 तक और फिर 2020-2021 तक यह भूमिका निभाई। उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। यह शो मराठी टीवी का सबसे लंबा और लोकप्रिय धारावाहिक बना, जिसमें 1350 से अधिक एपिसोड प्रसारित हुए।
रसिका ने 2016 में शनाया के रूप में शो में प्रवेश किया और दो साल तक यह नेगेटिव किरदार निभाया। उनके गुदबुदाते, चुलबुले और स्टाइलिश लुक ने दर्शकों का ध्यान खींचा ।
2018 में पढ़ाई के लिए रसिका ने शो छोड़ दिया जिसके बाद ईशा केसकर ने शनाया की भूमिका निभाई। 2020 में ईशा के स्वास्थ्य कारणों से शो छोड़ने के बाद 13 जुलाई 2020 को शो में रसिका की फिर वापसी हुई। जनवरी 2021 में, वे फिर से नए अवसरों के लिए शो से बाहर हुईं और कहानी में शनाया का किरदार अमेरिका जाकर बस गया।
रसिका ने फिल्म ‘पॉशटर गर्ल’ (2016) के अलावा ‘बगतोस काय मुजरा कर’ (2017), ‘बस स्टॉप’ (2017), ‘तुला कलणार नाहिं’ (2017), ‘गत-मत’ (2018), ‘गर्लफ्रेंड’ (2019), ‘वाइल्ड गीसे’ (2019), ‘उर्मि’ (2023), ‘फकत’ (2023), ‘शोर्ट एंड स्वीट’ (2023), ‘श्रीदेवी प्रसन्न’ (2024), और ‘डंका हरि नामचा’ (2024) जैसी फिल्मों में भी काम किया।
रसिका को फिल्म ‘बगतोस काय मुजरा कर’ (2017) के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के युवा चित्र पदार्पण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
‘माझ्या नवार्याची बायको’ (2016-2021) के अलावा वह टीवी शो ‘मीटर डाउन (2021-2022) में भी नजर आईं लेकिन इस शो को उनके पहले शो जैसी कामयाबी नहीं मिल सकी। उन्होंने मराठी के म्यूजिक रियलिटी शो ‘सुर नवा ध्यास नवा-आवाज तरुनाईचा’ (2023) को होस्ट भी किया।
उन्होंने म्यूजिक वीडियो ‘तुम बिन मोहे’ (2020) के लिए सिंगिंग और डायरेक्शन किया। इस म्यूजिक वीडियो बेहद ग्लैमरस अंदाज में उन्होंने ऑडियंस का मन मोह लिया।
18 अक्टूबर 2021 को रसिका ने अपने लॉंग टाइम प्रेमी आदित्य बिलागी से शादी की। आदित्य लॉस एंजिल्स, अमेरिका में रहते हैं और शादी के बाद रसिका भी ज्यादातर समय उनके साथ वहीं रहती हैं।
अपने करियर का अधिकांश समय टीवी शो ‘माझ्या नवऱ्याची बायको’ (2016-2021) और थिएटर में बिताने के कारण रसिका ने अब तक सीमित संख्या में फिल्मों में काम किया है। 2021 में शादी के बाद से वे अपना ज्यादातर वक्त अपने पति के साथ अमेरिका में बिता रही हैं जिसके चलते भी नए प्रोजेक्ट्स में उनकी भागीदारी कम हुई।