पटना, सात अप्रैल (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज यानी सोमवार को बिहार के बेगूसराय में एक पदयात्रा में हिस्सा लेंगे तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार ने दी।
कुमार ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और ‘‘पलायन रोको, नौकरी दो’’ पर राज्यव्यापी पदयात्रा के लिए बेगूसराय जाएंगे।
रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश साझा किया जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है। ये युवा देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।’’
राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हैं।
बेगूसराय, कन्हैया कुमार का गृह जिला भी है। वह पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से शुरू हुई पदयात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे हैं।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
राहुल गांधी बेगूसराय से पटना लौटेंगे और ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख ने कहा, ‘‘इसके बाद वह (राहुल) पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए सदाकत आश्रम आएंगे।’’
जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा है।