शिलांग, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार प्रदीप कुर्बाह को 47वें मास्को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दो बड़े पुरस्कार मिले हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कुर्बाह की फिल्म ‘हा लिंग्खा ब्नेंग’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया है, जबकि उन्हें (कुर्बाह को) सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नेटवर्क फॉर प्रमोशन ऑफ एशियन सिनेमा (एनईटीपीएसी) ने ये पुरस्कार प्रदान किए हैं। एनईटीपीएसी हर साल एशिया-प्रशांत क्षेत्र की उत्कृष्ट फीचर फिल्मों को मान्यता देने के लिए यह पुरस्कार देता है।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने कुर्बाह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कुर्बाह ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, ‘‘मैं अभिभूत, विनम्र और कृतज्ञता से भरा हुआ हूं। फिल्म ‘हा लिंग्खा ब्नेंग’ को 47वें मास्को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है।’’
कुर्बाह को साल 2014 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार को मेघालय के लोगों को समर्पित कर किया, जिन्होंने स्थानीय सिनेमा और उनकी टीम का समर्थन किया।
कुर्बाह ने फिल्म निर्माण का काम खुद से सीखा है। उन्होंने राज्य की स्थानीय प्रतिभा और सुरम्य परिदृश्य को बढ़ावा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुर्बाह को रूस में मिली यह उपलब्धि मेघालय के सभी लोगों के लिए गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने फिल्म निर्माण के लिए कुर्बाह को 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई थी।
संगमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रदीप को इस बहुप्रतीक्षित पुरस्कार के लिए बहुत-बहुत बधाई! यह अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार न केवल उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि हमारी स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने और हमारे राज्य की अविश्वसनीय क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक शानदार उदाहरण भी है।’’