गुवाहाटी, 13 अप्रैल (भाषा) असम सरकार ने विख्यात गीतकार एवं संगीतकार भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी को मनाने के लिए आठ सितंबर से साल भर तक आयोजित किए जाने वाले समारोह की घोषणा की।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को यहां कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूरे भारत में कार्यक्रम, जीवनी विमोचन और स्मृति सिक्का जारी करने समेत विभिन्न योजनाएं बनाई गई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी का जश्न मनाने के लिए कैबिनेट ने आठ सितंबर 2025 से आठ सितंबर 2026 तक एक साल तक चलने वाले समारोह के आयोजन को मंजूरी दी है।’’
शर्मा ने कहा कि समारोह की योजना बनाने के लिए उनकी अध्यक्षता में 50 सदस्यीय समिति बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के दूसरे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी समिति का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन तथा समापन समारोह गुवाहाटी या नयी दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे और प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति को निमंत्रण भेजे जाएंगे।
अरुणाचल प्रदेश, कोलकाता और मुंबई में भी स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अरुणाचल प्रदेश में हजारिका ने अपने जीवन के शुरुआती साल बिताए थे जबकि वह काफी समय तक कोलकाता में भी रहे थे। मुंबई में उन्होंने अपने अंतिम वर्ष बिताए थे।