पणजी, 29 मार्च (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल की पुष्टि करने से इनकार कर दिया और कहा कि जब भी ऐसा होगा, यह एक राजनीतिक फैसला होगा तथा भाजपा इस संबंध में निर्णय लेगी।
सावंत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल का फैसला एक दिन पहले मीडिया के साथ साझा किया जाएगा ताकि वे लोगों को इसके बारे में सूचित कर सकें।
चार अप्रैल को संभावित फेरबदल की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन तारीखों पर भरोसा मत कीजिए। कोई व्यक्ति कोई तारीख बताता है और हर कोई उस पर चर्चा शुरू कर देता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल में फेरबदल एक राजनीतिक फैसला है। हमें इसका विश्लेषण करना होगा कि इससे भाजपा और सरकार को क्या लाभ होगा और अगले चुनाव के परिप्रेक्ष्य में निर्णय लेना होगा।’’
सावंत के नेतृत्व वाली 12 सदस्यीय कैबिनेट में सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) से एक मंत्री और बाकी सभी भाजपा से हैं।
राज्य में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में सत्तारूढ़ पक्ष के 33 सदस्य हैं, जिसमें भाजपा के 28 विधायक, एमजीपी के 2 और तीन निर्दलीय शामिल हैं। राज्य में चुनाव 2027 में होने हैं।