जयपुर, 15 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि सशक्त और विकसित देश-प्रदेश बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका है और आधी आबादी की भागीदारी के बिना विकास की यात्रा अधूरी है।
शर्मा यहां जवाहर कला केंद्र में ‘शक्ति वंदन-भारत के स्व का अभिनंदन’ महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में भी शक्ति के लिए मां दुर्गा, धन के लिए मां लक्ष्मी और बुद्धि के लिए मां सरस्वती की उपासना करने की परंपरा रही है।
शर्मा ने कहा कि यह शक्ति वंदन महोत्सव महिला सशक्तिकरण के प्रयासों में हमारे महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है और हमारी सरकार राज्य में महिलाओं को विकासोन्मुखी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “लोकमाता अहिल्याबाई ने अपने जीवन और कार्यों से एक स्थायी विरासत छोड़ी। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महेश्वर में स्थानीय हथकरघा उद्योग का विकास कर दुनिया को महेश्वर साड़ी की सौगात दी। वह एक साहसी योद्धा, सक्षम प्रशासक और सनातन संस्कृति की समर्पित संरक्षिका थीं।”
शर्मा ने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार भी वंदनीय और गौरवशाली सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा, “हमारी ‘डबल इंजन’ सरकार महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के लिए तेजी से काम कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना हमारा लक्ष्य है। हम राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ रहे हैं।”